Moradabad: पेट्रोलियम ईंधन का अपव्यय रोकने को आगे आए भाजपा जनप्रतिनिधि

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। ईंधन के अपव्यय को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल के बाद उससे कदमताल करते हुए भाजपा के जनप्रतिनिधि और पार्टी के पदाधिकारी भी आगे बढ़ने लगे हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने सप्ताह में कम से कम दो दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करने की दिशा में स्वयं कदम बढ़ाया। वह बुधवार को सिविल लाइंस स्थित अपने आवास से बैटरी रिक्शा में बैठकर बुद्धि विहार स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे।

अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते पश्चिम एशिया में गहराए ईंधन संकट और अन्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को देखते हुए दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश की जनता से ईंधन का अपव्यय रोकने, एक साल तक शादी विवाह या अन्य किसी आयोजन के लिए सोने के आभूषण न खरीदने, बैठकों को वर्चुअल करने आदि की अपील की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट की बैठक कर अपने सहित सभी मंत्रियों के फ्लीट को आधा कर ईंधन बचाने, सरकारी व अन्य संस्थाओं में बैठकों व मीटिंग को भौतिक रुप से न कर वर्चुअल मीटिंग करने की पहल को आगे बढ़ाया। अब इससे कदमताल करने के लिए भाजपा पदाधिकारी व जन प्रतिनिधि भी आगे आ रहे हैं।

इसी कड़ी में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला सिविल लाइंस स्थित अपने आवास से बुद्धि विहार स्थित भाजपा कार्यालय बैटरी रिक्शा से गए। इसकी लोगों व भाजपा कार्यकर्ताओं में चर्चा रही। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने अपने साथ ही पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं से भी प्रधानमंत्री की अपील व मुख्यमंत्री की पहल को देशहित में समर्थन देने की अपील की। कहा कि सप्ताह में कम से कम दो बार अपने कार्यालय, व्यापार अथवा दैनिक कार्यों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट एवं बैटरी रिक्शा का उपयोग अवश्य करें।

शिक्षकों की मांग, जनगणना पर भी हो लागू हो नियम
मुरादाबाद, अमृत विचार: ईंधन का अपव्यय रोकने की प्रधानमंत्री की पहल का स्वागत करते हुए शिक्षकों का कहना है कि जनगणना भी आनलाइन कराई जाए। फील्ड में जाने पर शिक्षकों को भी वाहन में ईंधन भराना पड़ेगा, जिससे ईंधन की खपत बढ़ने के साथ देश की मुद्रा भी खर्च होगी। ऐसे में जनगणना के संबंध में होने वाली बैठकें वर्चुअल होने के साथ ही जनगणना को भी अधिकतम आनलाइन मोड में ही कराना उचित होगा।

सत्ता पक्ष के विधायकों व अन्य जन प्रतिनिधियों पर भी नजर
मुरादाबाद, अमृत विचार: प्रधानमंत्री की अपील और मुख्यमंत्री की पहल के बाद भारतीय जनता पार्टी के जन प्रतिनिधियों पर भी लोगों की नजर है। इसका कितना गंभीरता से पालन किया जाएगा या केवल रस्म अदायगी होगी, इसके पर लोगों की निगाहें हैं। हालांकि अन्य जन प्रतिनिधि भी वर्तमान वैश्विक परिस्थिति में प्रधानमंत्री की अपील को देशहित में जरूरी बता रहे हैं। स्वयं के साथ दूसरों को भी इसके प्रति प्रेरित करने की प्रतिबद्धता जता रहे हैं।


विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वयं इसका पालन कर रहे हैं। वैश्विक परिदृश्य की दृष्टि से यह अत्यंत आवश्यक है। मैं स्वयं सामाजिक जीवन में तामझाम व दिखावे से दूर रहता हूं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट के उपयोग से ईंधन खर्च कम होगा। वर्तमान परिस्थितियों में सभी को प्रधानमंत्री की अपील का पालन करना चाहिए। विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान के मुताबिक मेरे पास एक ही वाहन है। उसी का प्रयोग करता हूं। सप्ताह में एक दिन उसकी बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करूंगा। लोगों से अपील है कि वह प्रधानमंत्री की अपील पर देशहित में एकजुटता दिखाएं। तभी हम वैश्विक चुनौतियां से निपटने में सफल होंगे।

 

संबंधित समाचार