आईआईटी कानपुर ने की चार नये ऑनलाइन एमटेक कोर्स शुरू करने की घोषणा, जानिए प्रवेश प्रकिया
कानपुर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर ने उभरती औद्योगिक जरूरतों और तकनीकी विशेषज्ञता की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए चार नए ऑनलाइन एम.टेक. कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। संस्थान द्वारा शुरू किए गए नए कार्यक्रमों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, कंस्ट्रक्शन इंजीनियरिंग एवं प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, स्मार्ट ग्रिड तथा सस्टेनेबल एनर्जी टेक्नोलॉजीज में ऑनलाइन एम.टेक. शामिल हैं।
इन कार्यक्रमों को इन्फ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छ ऊर्जा, इंटेलिजेंट सिस्टम और अगली पीढ़ी के पावर नेटवर्क जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। ये कार्यक्रम संस्थान के आउटरीच गतिविधि कार्यालय के माध्यम से संचालित किए जाएंगे। आईआईटी कानपुर ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से संस्थान उच्च गुणवत्ता वाली शोध-आधारित स्नातकोत्तर शिक्षा को कामकाजी पेशेवरों और नए स्नातकों तक पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत कर रहा है। चारों कार्यक्रम पूरी तरह ऑनलाइन होंगे और इन्हें आईआईटी कानपुर की सीनेट से स्वीकृति प्राप्त है।
कार्यक्रमों को दो से चार वर्षों की अवधि में पूरा करने के लिए डिजाइन किया गया है, जिससे कामकाजी पेशेवर अपनी नौकरी के साथ उच्च शिक्षा भी प्राप्त कर सकें। आईआईटी कानपुर के आउटरीच गतिविधि कार्यालय के प्रभारी प्रोफेसर विमल कुमार ने कहा कि नए ऑनलाइन एम.टेक. कार्यक्रम विद्यार्थियों और पेशेवरों को उद्योग-उन्मुख उन्नत शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम राष्ट्रीय और वैश्विक जरूरतों के अनुरूप तैयार किए गए हैं, ताकि विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों के अनुसार अपनी विशेषज्ञता विकसित कर सकें।
प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के पास क्वालिफाइंग डिग्री में न्यूनतम 5.5 सीपीआई अथवा 55 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। प्रवेश प्रक्रिया दो चरणों में होगी, जिसमें आईआईटी कानपुर द्वारा आयोजित ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा तथा विभागीय स्तर पर ऑनलाइन परीक्षा अथवा साक्षात्कार शामिल होगा। संस्थान ने बताया कि विभागीय कट-ऑफ के अनुरूप वैध गेट स्कोर रखने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा से छूट दी जा सकती है।
इसके अलावा पांच वर्ष या उससे अधिक का संबंधित कार्य अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों तथा सरकारी विभागों, रक्षा संगठनों एवं मान्यता प्राप्त संस्थानों द्वारा नामांकित अभ्यर्थियों को भी विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार छूट प्रदान की जा सकती है। दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया वर्तमान में जारी है तथा कक्षाएं सितंबर 2026 से प्रारंभ होंगी। कार्यक्रमों, पात्रता मानदंड और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी आईआईटी कानपुर ऑनलाइन प्रोग्राम पोर्टल पर उपलब्ध है।
