यूपी में राष्ट्रीय लोक अदालत की बड़ी तैयारी, प्री-लिटिगेशन मामलों के निस्तारण पर जोर
9 मई को प्रदेशभर में राष्ट्रीय लोक अदालत
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने राष्ट्रीय लोक अदालत को जनअभियान का रूप देने के लिए सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को व्यापक तैयारियों के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा करते हुए कहा कि 9 मई को प्रदेश के सभी जिलों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होगी, जिसके सफल संचालन के लिए विभागीय समन्वय जरूरी है।
उन्होंने प्री-लिटिगेशन मामलों की अधिक पहचान कर उनके निस्तारण पर जोर दिया, ताकि लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिल सके। बैंक रिकवरी, बिजली विवाद और पुराने ट्रैफिक चालानों के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। जागरूकता के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को जोड़ा जाएगा।
निर्देश दिए गए कि समय पर नोटिस तामील हो, बार एसोसिएशन से समन्वय रहे और आयोजन के दौरान न्यायालय परिसरों में मेगा हेल्थ कैंप, ओडीओपी उत्पादों की प्रदर्शनी व सरकारी योजनाओं के स्टॉल भी लगाए जाएं, ताकि लोक अदालत जनसेवा का व्यापक मंच बन सके।
