यूपी में नवंबर 2026 तक पूरी होंगी सभी पर्यटन परियोजनाएं, मंत्री जयवीर सिंह ने दिए सख्त निर्देश
लंबित कार्यों पर सख्त हुए पर्यटन मंत्री, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर दिया जोर
लखनऊ, अमृत विचार : पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश की सभी निर्माणाधीन पर्यटन परियोजनाओं को नवंबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि नई परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर 20 मई तक स्वीकृत पत्र जारी किए जाएं।
पर्यटन मंत्री, पर्यटन भवन में गुरुवार को पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फाइलों को “लटकाने और भटकाने” की संस्कृति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही और गलत जानकारी देने वाले अधिकारियों तथा संस्थाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यालय से अधिकारी फोटोग्राफर के साथ निर्माण स्थलों का निरीक्षण करेंगे और कार्यों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों से कहा कि पत्राचार के बजाय जमीन पर काम दिखाई देना चाहिए।
मंत्री ने आगरा और मथुरा में प्रस्तावित हेलीपोर्ट परियोजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वदेश दर्शन योजना के तहत नैमिषारण्य में प्रस्तावित कार्यों को भी शुरू करने को कहा। उन्होंने वर्ष 2017 से अब तक पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा कराए गए कार्यों, लागत और व्यय की जनपदवार रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला महोत्सवों को स्थापना दिवस पर भव्य तरीके से आयोजित कराने पर भी जोर दिया गया।
