बांदा में रफ्तार का कहर : स्कार्पियो और डीसीएम की टक्कर में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को स्कॉर्पियो और डीसीएम की टक्कर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत हथौड़ा गांव के पास यह हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रही खाली गैस सिलेंडरों से भरी डीसीएम में पीछे से जा भिड़ी। 

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार अजीत विश्वकर्मा (38) मूल रूप से आजमगढ़ जिले के जियनपुर थाना क्षेत्र स्थित रामगढ़ गांव के निवासी थे और महोबा जिले के कबरई में टायर का कारोबार करते थे। 

वह अपनी मां प्रेमशिला (55), दादी चंद्रावती (80), चाची निशा (40) और बहन रिया उर्फ खुशबू (16) के साथ कुलदेवता की पूजा करने आजमगढ़ गए थे। वहां से लौटते समय यह हादसा हो गया। दुर्घटना में अजीत, उसकी मां प्रेमशिला, दादी चंद्रावती और चाची निशा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन रिया गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। 

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि प्रथम दृष्टया चालक को नींद आने के कारण हादसा होना प्रतीत हो रहा है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ था, जिसे बाद में सुचारु करा दिया गया। पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।  

संबंधित समाचार