Barabanki Crime News : पत्नी वियोग में पति ने भी फंदा लगाकर दी जान, परिजनों में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। आपस में कहासुनी को लेकर पत्नी के फांसी लगा जान देने के नौंवे दिन पति भी फंदे से लटक गया। उसका शव आम के पेड़ में रस्सी से बने फंदे से लटकता मिला तो कोहराम मच गया। पत्नी के न रहने के बाद पति भीतर से काफी टूट गया था। परिजनों व गांव में शोक पसर गया, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रहीमाबाद में गुरुवार की सुबह हुआ। यहां का रहने वाला मिथुन रावत 22 पुत्र ननकू गुरुवार की सुबह सात बजे घर से निकल गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरु की तो घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर मिथुन फांसी के फंदे से लटकता मिला। उसका शव खेत में लगे आम के पेड़ से बंधी रस्सी के फंदे से झूल रहा था। यह देख परिजनों में हाहाकार मच गया वहीं ग्रामीण इस घटना को देखकर गम में डूब गए।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार की घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा क्योंकि नौ दिन पहले पांच मई को मृतक मिथुन की पत्नी शिवकुमारी ने भी घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बताया जा रहा कि पति मिथुन खरीदी गई पिकप भाड़े पर चलाता था, जिसकी किश्तें नहीं जमा हो सकी थीं।

इसी बात को लेकर दोनों में काफी कहासुनी हुई थी। मंगलवार की शाम शिवकुमारी ने अपने भाई को फोन कर मायके आने की बात कही लेकिन उसी दिन शाम को उसका शव फंदे से लटका मिला। इस घटना के बाद मिथुन बहुत दुखी हो गया था। थानाध्यक्ष जैदपुर संतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है। 

संदिग्ध दशा में फंदे से लटकी मिली महिला

देवा: माती थाना क्षेत्र के ग्राम कुवंरपुर मजरे सरैय्या निवासी शान्ति देवी पत्नी रंजीत कुमार यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर धोती के सहारे छत के कुंडे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार बुधवार की रात करीब 11 मृतक की सास ने कमरे में शव लटका देखा तो वह चीख पड़ी और पुलिस को सूचना दी।

घटना के समय पति रंजीत कुमार यादव कहीं दावत में गया था। मृतका अपने पीछे चार बच्चे छोड़ गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पति टाटा मोटर्स में वाहन चालक है। इंस्पेक्टर माती अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतका की शादी करीब 16 वर्ष पहले हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।

नवविवाहिता ने ससुराल में लगाई फांसी

त्रिवेदीगंज : लोनीकटरा थाना क्षेत्र के भित्ती का पुरवा गांव में बुधवार देर शाम एक नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। शादी के पांच माह बाद ही इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। गांव निवासी कुलदीप की पत्नी प्रीती का शव मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला।

बताया जा रहा कि प्रीती का विवाह गत वर्ष दिसंबर माह में हुआ था। पांच माह बाद हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं तरह-तरह की चर्चाएं हो रहीं। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। देर रात मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

नहर में मिला सीतापुर से गायब इकलौते बेटे का शव 

निन्दूरा:  सीतापुर से तीन दिन से गायब तीन साल के मासूम बालक का शव घुंघटेर थाना क्षेत्र स्थित नहर में उतराता मिला। मौके पर इकलौते बेटे की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

घुंघटेर थाना क्षेत्र के बाबागंज-टिकैतगंज नहर में हाजीपुर गांव के पास गुरुवार को एक तीन वर्षीय मासूम का शव उतराता मिला। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान सीतापुर जनपद के अटरिया थाना क्षेत्र स्थित डेवहरा गांव निवासी दिव्यांश (3) पुत्र मेवालाल कश्यप के रूप में हुई।

परिजनों के मुताबिक दिव्यांश मंगलवार को अचानक घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद अटरिया थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। परिजनों ने बच्चे की बहुत तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार दोपहर अटरिया पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि घुंघटेर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव के पास नहर में एक बालक का शव दिखा है।

सूचना पाते ही पहुंचे पिता मेवालाल ने शव की पहचान अपने इकलौते पुत्र दिव्यांश के रूप में की। बेटे का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष अभय मौर्य ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार