गोरखपुर को स्पोर्ट्स हब बनाने में जुटी योगी सरकार, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित होगा वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश सरकार गोरखपुर को खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र और स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। खेल सुविधाओं के ढांचागत विकास और आधुनिक खेल परिसरों के निर्माण से शहर में खेल संस्कृति को नया आयाम दिया जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में गोरखपुर के स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर में उल्लेखनीय विस्तार और आधुनिकीकरण हुआ है।
वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं राजेंद्र नगर के भाटी विहार में मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की स्थापना की जा चुकी है। सहजनवा में मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं की सुविधा उपलब्ध करा रहा है, जबकि रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम का व्यापक कायाकल्प कार्य तेजी से चल रहा है।
रामगढ़ताल स्थित वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के माध्यम से गोरखपुर अब जल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है। इन परियोजनाओं के बीच सबसे बड़ी उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण को माना जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम हो जाएगा।
योगी सरकार का उद्देश्य गोरखपुर में ऐसा खेल वातावरण तैयार करना है, जहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकें। इसी क्रम में पुराने खेल ढांचे का पुनरोद्धार किया गया है और नए खेल मंच विकसित किए जा रहे हैं। राज्य सरकार ने वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के जीर्णोद्धार पर लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसके अलावा यहां स्थित एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान पर अत्याधुनिक पैवेलियन निर्माण के लिए 22.22 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसका कार्य अंतिम चरण में है।
रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम के आधुनिकीकरण पर लगभग 47.42 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य तेजी से जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को कई नए खेल ढांचागत उपहार भी दिए हैं। जंगल कौड़िया में 10.16 करोड़ रुपये की लागत से महंत अवेद्यनाथ स्टेडियम बनाया गया है।
सहजनवा में 10.43 करोड़ रुपये की लागत से मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम विकसित किया गया है। इसके अतिरिक्त भाटी विहार (राजेंद्र नगर) में 5.96 करोड़ रुपये की लागत से मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया गया है। गुलरिहा क्षेत्र में करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से एक अन्य मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स प्रस्तावित है, जबकि राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र में स्पोर्ट्स सिटी विकसित करने की योजना भी है। गोरखपुर की खेल उपलब्धियों में अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का नाम भी जुड़ने जा रहा है।
लगभग 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस स्टेडियम का शिलान्यास 16 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं, अंतरराष्ट्रीय मानकों की पिच, आधुनिक पैवेलियन और फ्लड लाइट से सुसज्जित यह स्टेडियम पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों का सपना साकार करेगा और यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन का मार्ग प्रशस्त करेगा।
सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि गोरखपुर को स्पोर्ट्स हब बनाने का उद्देश्य केवल खेल तक सीमित नहीं है। यह पहल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और खेल प्रतिभाओं को उभारने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि खेल पर्यटन बढ़ने से होटल, परिवहन और सेवा क्षेत्र में भी रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
