बाराबंकी : डीएम ने किया महादेवा क्षेत्र का निरीक्षण, कहा- मेले की तैयारियों व कॉरिडोर कार्यों में लाएं तेजी
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। 17 मई से शुरू हो रहे पुरुषोत्तम मास मेले और महादेवा कॉरिडोर निर्माण कार्यों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने निरीक्षण किया। उन्होंने मेले की तैयारियों व कॉरिडोर कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान एडीएम भी उनके साथ मौजूद रहे और पीएम की अपील को सार्थक करते हुए सभी अधिकारी एक ही वाहन से मौके पर पहुंचे।
निरीक्षण की शुरुआत डीएम, एसपी और एडीएम द्वारा एक ही वाहन से पीपा पुल पहुंचकर की गई। जहां व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। डीएम ने मरम्मत कार्य 10 जून तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों ने समयसीमा में कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया। इसके बाद डीएम-एसपी ने लोधेश्वर महादेवा स्थित ऑडिटोरियम में पार्किंग व्यवस्था की जानकारी ली और बोहनिया तालाब पहुंचकर साफ-सफाई, जलभराव, शौचालय मरम्मत, चेंजिंग रूम तथा प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

मंदिर मार्ग पर बैरिकेडिंग और जिगजैग व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। मंदिर परिसर में पेयजल, सफाई और प्रकाश व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जर्जर महल के छज्जे पर सुरक्षा जाल लगाने और सौंदर्यीकरण कराने के भी आदेश दिए गए। वहीं अभरण सरोवर तालाब पर पहुंचकर सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और चेंजिंग रूम शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान डीएम-एसपी ने पूरे विधि विधान से लोधेश्वर महादेव की पूजा अर्चना भी की। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरे क्षेत्र में पर्याप्त हाईमास्ट व हैलोजन लाइट लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महादेवा कॉरिडोर निर्माण के लिए जेसीबी और पोकलैंड मशीनों से चल रहे ध्वस्तीकरण कार्य का भी जायजा लिया गया।

इस दौरान एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, एसडीएम आनंद कुमार तिवारी, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, सीओ गरिमा पंत, निरीक्षक उमाशंकर चौधरी, अधिशासी अभियंता शशिकांत सिंह, अजीत पटेल, हरिपाल सिंह, बीडीओ जितेंद्र कुमार, देवेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान राजन तिवारी, कोतवाल अरुण प्रताप सिंह एवं चौकी इंचार्ज रजनीश पांडेय सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
