जान से खिलवाड़:भोलानाथ कॉलोनी में धड़ल्ले से चल रहे अवैध स्विमिंग पूल
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में अवैध स्विमिंग पूलों के संचालन को लेकर प्रकाशित खबर के बाद अमृत विचार टीम बुधवार को भोलानाथ कॉलोनी क्षेत्र में पहुंची। यहां तीन स्विमिंग पूल बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के संचालित होते मिले। इसके संचालन में गंभीर खामियां सामने आईं, जिससे कभी भी हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सबसे चिंताजनक स्थिति एक पूल में देखने को मिली, जहां एक ही समय पर कुछ युवक और छोटी बच्चियां स्विमिंग कर रही थीं। पूल परिसर में न तो अलग व्यवस्था दिखाई दी और न ही किसी प्रकार की निगरानी या सुरक्षा के इंतजाम मौजूद थे। इससे अभिभावकों की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। मौके पर किसी प्रशिक्षित लाइफगार्ड की तैनाती भी नहीं मिली। अधिकांश पूलों में गहराई संबंधी चेतावनी बोर्ड, प्राथमिक उपचार की सुविधा और साफ-सफाई के मानक भी अधूरे मिले। कई जगह पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हुए। दूसरे स्वीमिंग पूल में भी यही स्थिति थी।
हालांकि, वहां सिर्फ युवक ही तैराकी कर रहे थे। इसके अलावा वहीं, एक पूल घर में संचालित किया जा रहा है। इसमें नीचे हॉल में पूल की व्यवस्था है और ऊपर परिवार रहता है।
पूल में नहाने आए बच्चों ने बताया कि संचालक की ओर से 50 रुपये लिए जाते हैं। इस फीस में पूरे दिन स्वीमिंग कर सकते हैं। खास बात तो यह है कि पूल का पानी भी कई दिनों तक नहीं बदला जा रहा है। इससे बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ इन पूलों में भीड़ बढ़ रही है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर निगरानी नहीं होने से संचालक नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे पूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि जिले में पहले भी अवैध स्विमिंग पूलों में हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में बिना पंजीकरण और बिना सुरक्षा मानकों के पूल संचालित किए जा रहे हैं।
क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि स्विमिंग पूल संचालन के लिए संबंधित विभागों से अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना पंजीकरण और सुरक्षा मानकों के संचालित पूलों की जांच कराई जाएगी। यदि कहीं नियमों का उल्लंघन पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
