Bareilly: ‘लल्ला गद्दी’ बनकर फिरौती मांगने में दो गिरफ्तार, अधिवक्ता के बेटे की हत्या कराने की दी थी धमकी 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। कैंट थाना पुलिस ने खुद को लल्ला गद्दी बताकर अधिवक्ता के परिवार से दो लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

ग्राम चौबारी निवासी अधिवक्ता चन्द्रभान सिंह ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि सात मई को उनके पास एक फोन कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को लल्ला गद्दी बताते हुए उनके बेटे अर्पित सिंह की हत्या कराने की धमकी दी और दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान तीन नाम सामने आए जिनमें पुलिस ने चौबारी मोड़ से वैभव सिंह और आकाश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि वैभव की गांव की एक युवती से जान-पहचान थी, जिसकी शादी बाद में अर्पित सिंह से हो गई थी। इसी बात को लेकर उसने रंजिश पाल ली और साथियों के साथ मिलकर साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने फर्जी सिम का इस्तेमाल कर कॉल की और लल्ला गद्दी का नाम लेकर परिवार में दहशत फैलाने की कोशिश की। सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि वकील को धमकाने के मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इनका एक साथी अकरम फरार है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार