Gonda News: गश्त पर निकले 2 सिपाहियों को कार ने मारी टक्कर, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नशे में धुत मिला कार सवार बैंक मैनेजर, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

करनैलगंज, गोंडा, अमृत विचार : बृहस्पतिवार की देर रात गश्त पर निकले बाइक सवार दो सिपाहियों को तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को वाहन समेत पकड़ लिया।
  आरोपी की पहचान सीसामऊ स्थित स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया शाखा के बैंक मैनेजर राजेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। हादसे के वक्त आरोपित नशे में धुत था।

कोतवाली करनैलगंज में तैनात सिपाही हिमांशु प्रजापति व अनिल कुमार गुप्ता गुरुवार रात करीब 12 बजे बाइक से चौरी चौराहा की तरफ गश्त पर निकले थे। गोनवा के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सिपाही सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी करनैलगंज लाया गया, जहां अधीक्षक डॉ. अनुज कुमार व फार्मासिस्ट अशोक वर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक राजेश कुमार सिंह को कार सहित हिरासत में ले लिया। देर रात उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।

संबंधित समाचार