Lucknow News: सितंबर में होगा इंडिया फूड एक्सपो, 700 करोड़ के कारोबार की उम्मीद
विकास, रोजगार और कृषि मूल्य संवर्धन का मंच है आईएफएक्स : दिनेश गोयल
लखनऊ, अमृत विचार: इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) द्वारा आयोजित होने वाले इंडिया फूड एक्सपो-2026 का 11वां संस्करण 18 से 20 सितंबर तक लखनऊ के गोमतीनगर स्थित रेंगालिया ग्रीन्स में आयोजित किया जाएगा। आईआईए भवन में आयोजित रोड शो और कर्टेन रेजर प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी गई। आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि यह एक्सपो केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और कृषि मूल्य संवर्धन का प्रभावी मंच है। इससे एमएसएमई इकाइयों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
एफएसएसएआई के असिस्टेंट कमिश्नर फूड विनीत पांडेय ने कहा कि विभाग खाद्य गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और अनुपालन प्रक्रियाओं में उद्यमियों को हर संभव सहयोग देगा। कार्यक्रम में आईएफएक्स-2026 का लोगो, ब्रोशर, वेबसाइट और डिजिटल अभियान भी लॉन्च किया गया। आईआईए ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मार्गदर्शन के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की।
35 देशों के दूतावासों और 160 वितरकों को आमंत्रण
एक्सपो के चेयरमैन विकास खन्ना ने बताया कि इस बार 160 से अधिक डिस्ट्रीब्यूटर्स भाग लेंगे। 35 देशों के दूतावासों से संपर्क कर उन्हें आमंत्रित किया जा रहा है। पिछले संस्करण में 350 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था, इस वर्ष 700 करोड़ रुपये से अधिक के बी2बी कारोबार की संभावना है।
आयोजन समिति घोषित
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अवधेश अग्रवाल ने एक्सपो-2026 की आयोजन समिति की घोषणा की। इसमें विकास खन्ना को चेयरमैन और बतौर डिप्टी चेयरमैन वैभव अग्रवाल व विभू गुप्ता नामित किए गए। पूर्व चेयरमैन चेतन देव भल्ला एवं आईआईए के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश हवेलिया को सलाहकार नियुक्त किया गया है। समिति में अनिल गुप्ता, मनीष गोयल, के. के. अग्रवाल, राजीव बंसल, अलकेश सोती, राजेश तिवारी, राजीव जैन, अदनान दानिश एवं आईवीसी कैप्टन ड्विवर शामिल हैं।
20 करोड़ उपभोक्ताओं तक पहुंचने का अवसर
कार्यक्रम में बागवानी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की अपर मुख्य सचिव बीएल मीणा ने ऑनलाइन संबोधन में प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। आयोजकों ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल बाजार में यह एक्सपो निवेश, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और निर्यात के नए अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। वहीं इन्वेस्ट यूपी के एपीएम इन्वेस्टमेंट प्रमोशन ने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों को परियोजना स्थापना तक हर स्तर पर सहायता दी जाएगी।
