Lucknow News: तीन रूटों पर शुरू होगी एसी ई-डबलडेकर बसें, चार्जिंग स्टेशन तैयार
लखनऊ, अमृत विचारः शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ में जल्द ही छह एसी ई-डबलडेकर बसें तीन प्रमुख रूटों पर संचालित की जाएंगी। ये बसें एयरपोर्ट से कानपुर, लखनऊ से बाराबंकी और शहर के भीतर शटल सेवा के रूप में चलेंगी। बस संचालन की तैयारी पूरी कर ली गई है और चार्जिंग स्टेशन भी तैयार हो चुके हैं।
सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी अमरनाथ सहाय के अनुसार लखनऊ क्षेत्र को कुल आठ डबलडेकर बसें मिली थीं। इनमें से दो बसें कमता स्थित अवध बस स्टेशन से बाराबंकी के बीच पहले से संचालित हैं। बाकी छह बसों को चलाने के लिए आलमबाग बस टर्मिनल पर चार और बाराबंकी बस डिपो में आठ चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं। प्रस्तावित रूटों के सर्वे के लिए यातायात निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं। रूट तय होने के बाद किराया और समय सारणी घोषित कर इसी माह से संचालन शुरू करने की तैयारी है।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले खरीदी गई ये बसें चार्जिंग स्टेशन के अभाव में बाराबंकी डिपो में खड़ी थीं। प्रत्येक बस की कीमत करीब पौने दो करोड़ रुपये है। वहीं, हर बस पर सालाना 4.70 लाख रुपये रोड टैक्स देना पड़ रहा था। अब तक करीब 42 लाख रुपये टैक्स जमा किया जा चुका है।
