Bareilly : 100 से ज्यादा आईपीएल सटोरिये रडार पर, मोबाइल बंद कर हुए फरार
रिठौरा के एक युवक के लिए हवाला का रुपया नेपाल से लाता था ओमेंद्र
बरेली, अमृत विचार। आईपीएल सट्टेबाजी नेटवर्क पर पुलिस की सख्ती बढ़ने के बाद जिले और दूसरे जिलों के 100 से अधिक सटोरिये पुलिस के रडार पर आ गए हैं। कार्रवाई के डर से अधिकांश सटोरियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए हैं और फरार हो गए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुछ सटोरिये नेपाल पहुंच गए हैं, जबकि कई नोएडा और अन्य शहरों में छिपे हुए हैं।
जांच में सामने आया है कि रिठौरा के एक युवक के लिए हवाला का रुपया नेपाल से ओमेंद्र ही लेकर आता था। वह एक बार में 50 लाख रुपये लेकर आया था। पुलिस अब रिठौरा के उस युवक की तलाश कर रही है। जो हवाला कारोबार से जुड़ा है। पुलिस को सट्टेबाजी से जुड़े पैसों के लेनदेन और हवाला नेटवर्क के कई अहम सुराग मिले हैं। इसके आधार पर लगातार दबिश दी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार बरेली के कई बड़े आईपीएल सटोरियों ने मथुरा में अपना हब बना रखा है। वहीं बैठकर ऑनलाइन सट्टे का पूरा नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि अलग-अलग शहरों से फर्जी आईडी और बैंक खातों का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया है।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि मामले की जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही कई अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, बैंक खातों और मोबाइल डेटा की जांच कर रही है। पुलिस कार्रवाई के बाद जिले के सट्टेबाजी नेटवर्क में हड़कंप मचा हुआ है। कई संदिग्ध अपने ठिकाने छोड़ चुके हैं, जबकि पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
