Bareilly : संजय नगर में तीन दिन से बिजली गुल, 15 खंभे टूटे
पानी तक के लिए तरस गए लोग, 35 हजार उपभोक्ता तीन दिन से परेशान
बरेली, अमृत विचार। भीषण गर्मी के बीच शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। संजय नगर में 15 खंभे टूट गए जिससे तीन दिनों से बिजली नहीं है। 35 हजार की आबादी बुरी तरह से परेशान है। हालत यह है कि मोहल्लेवासी पानी के लिए तरस रहे हैं। बिजली विभाग का कोई अधिकारी हाल जानने तक नहीं पहुंचा। उधर, शहर के अलग-अलग इलाकों से रातभर बिजली गुल, एक फेज ठप और लो-वोल्टेज की शिकायतों की बाढ़ आ गई।
संजय नगर निवासी राजेश कुमार सागर ने बताया कि मंगलवार को आई आंधी-बारिश में एक बड़ा पीपल का पेड़ गिर गया। इसके कारण पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। बिजली विभाग के अधिकारियों से लेकर सीएम पोर्टल पर शिकायत की गई। बावजूद 35 हजार की आबादी वाले इलाके में कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बताया कि दो दिनों तक सिर्फ एक मजदूर पेड़ काटता रहा। तीसरे दिन वन विभाग की टीम ने पेड़ को काट कर हटाया। पेड़ की कटाई के दौरान बिजली का तार खिंच गया और 15 पोल टूट गए जिससे आगे भी लाइट आने की उम्मीद नहीं है।
बुधवार देर रात से गुरुवार दोपहर बाद तक कोहाड़ापीर, सिविल लाइंस, राजेंद्र नगर, डीडीपुरम, हरूनगला, महानगर, कुतुबखाना, सीबीगंज और देलापीर समेत कई सब-स्टेशनों से जुड़े उपभोक्ताओं ने लगातार शिकायतें दर्ज कराईं। कहीं पूरे इलाके की बिजली गुल रही तो कहीं एक या दो फेज बंद होने से लोग रात भर परेशान रहे। कई इलाकों में पानी की सप्लाई भी ठप हो गई, जिससे लोगों को हैंडपंप और टैंकरों का सहारा लेना पड़ा। कोहाड़ापीर क्षेत्र से जीशान वारसी और डॉ. पी.के. सिंह ने पूरी रात बिजली बाधित रहने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं सिविल लाइंस, कालीबाड़ी, सिंधु नगर और सूफी टोला में घंटों बिजली न आने से लोगों में आक्रोश दिखा। हरूनगला और महानगर क्षेत्र में भी पूरी रात अंधेरा छाया रहा। डेलापीर और गांधी नगर में लो-वोल्टेज व सप्लाई में उतार-चढ़ाव से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने का खतरा बना रहा।
तिलक कॉलोनी में कम वोल्टेज से लोग परेशान
सुभाष नगर स्थित तिलक कॉलोनी में आंधी-तूफान के बाद से विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। क्षेत्र में लगातार कम वोल्टेज आने के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। फ्रिज, कूलर, टीवी जैसे आवश्यक उपकरण नहीं चल रहे। मोबाइल फोन और इन्वर्टर तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। लोगों का कहना है कि आंधी के बाद बिजली आपूर्ति शुरू हुई, लेकिन वोल्टेज इतना कम हैं कि पंखे धीमी गति से चल रहे हैं।
