Bareilly : सार्वजनिक चकरोड पर कब्जा, ग्रामीणों ने लगाई डीएम से गुहार
चकरोड पर कब्जा होने से खेत से होकर गुजरने को मजबूर ग्रामीण
बरेली, अमृत विचार। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर धिमरी के ग्रामीणों ने सार्वजनिक चकमार्ग पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कब्जा हटवाने की मांग की है।
जगदीश बाबू, कपिल कुमार, विवेक कुमार, प्रेमसिंह, अमर सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने डीएम को प्रार्थना पत्र दिया। ग्रामीणों का कहना है कि करबला की ओर जाने वाला सार्वजनिक चकमार्ग राजस्व अभिलेखों में शुरू से सार्वजनिक रास्ते के रूप में दर्ज है। आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने रास्ते पर कब्जा कर उसे अपने खेतों में मिला लिया है। चकमार्ग बंद होने से किसानों को अपने खेत-खलिहानों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दूसरे किसानों के खेतों से होकर गुजरना पड़ता है। साथ ही ताजिया निकाले जाने के दौरान दूसरे समुदाय के लोग भी मजबूरन खेतों से होकर निकलते हैं, जिससे फसलें खराब होती हैं और गांव में मनमुटाव की स्थिति पैदा हो जाती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तहसील सदर में कार्यरत अमीन का आरोपियों को संरक्षण प्राप्त है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
