राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल: किरेन रिजिजू बोले- कांग्रेस को जवाब देना चाहिए

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की विदेश यात्राओं की फंडिंग और खर्च को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की कुछ यात्राओं में ‘अस्पष्टता’ चिंताजनक है, इसलिए कांग्रेस पार्टी को देश के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए।शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। 

सांसद होने के नाते उन्हें भारत के नियमों और कानूनों का पालन करना चाहिए। किसी भी सांसद को विदेश दौरे पर जाना हो तो राज्यसभा सचिवालय, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय को सूचना देनी होती है। पासपोर्ट-वीजा के जरिए यात्रा की जाती है, लेकिन राहुल गांधी सांसद बनने के बाद जब भी विदेश जाते हैं तो न तो सूचना देते हैं और न ही यह बताते हैं कि वे कहां ठहरते हैं या किससे मिलते हैं।

मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की सुरक्षा एजेंसियां भी इस वजह से परेशान हैं क्योंकि वे बिना बताए कहीं भी चले जाते हैं। वे वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष हैं, ऐसे में कोई अप्रिय घटना होने पर सरकार को जवाबदेह होना पड़ेगा। रिजिजू ने आंकड़े देते हुए बताया कि राहुल गांधी अब तक 54 बार विदेश दौरे पर जा चुके हैं, जिनमें से कई दौरों की कोई जानकारी ही नहीं है।  उन्होंने कहा कि इन यात्राओं पर उनका खर्च उनकी आय से ज्यादा दिख रहा है, जो आयकर विभाग से भी जुड़ा मामला बनता है।

किरेन रिजिजू ने कांग्रेस से अपील करते हुए कहा, “मैं कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी से अनुरोध करता हूं कि वे तुरंत सारी जानकारी सार्वजनिक करें। इससे उनका ही भला होगा। नहीं तो बाद में कोई कार्रवाई होने पर यह कहना कि उन्हें टारगेट किया जा रहा है, उचित नहीं होगा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी देशवासियों को, खासकर सांसदों को नियमों का पालन करना चाहिए। लोगों के टैक्स से मिलने वाली सैलरी और सुविधाओं का हिसाब-किताब पारदर्शी होना जरूरी है।

संबंधित समाचार