प्रधानमंत्री मोदी की अपील का असर, ईवी-ऑटो से क्षेत्र में निकले राज्यमंत्री सतीश शर्मा, जनता को दिया बड़ा संदेश
बाराबंकी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश सरकार में खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा अपनी सादगी के लिए एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाओ के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए ईवी-ऑटो से सफर कर जनता को एक बड़ा संदेश दिया। राज्यमंत्री सतीश शर्मा आज अपनी विधानसभा अंतर्गत आने वाले ब्लॉक बनीकोडर के निरीक्षण पर ईवी-ऑटो रिक्शा से पहुंचे।
भिटरिया स्थित पार्टी कार्यालय से निकले सतीश चंद्र शर्मा लग्जरी गाड़ियों के काफिले को छोड़ कर सीधे ईवी-ऑटो में सवार हो गए। उन्होंने अपने आवास से ब्लॉक तक का सफर इसी सार्वजनिक परिवहन माध्यम से तय किया। मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ ऊर्जा अपनाना और ईंधन बचाना केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी है।
दरअसल हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक आर्थिक संकट और विदेशी मुद्रा के संरक्षण के लिए देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने, इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करने और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की विशेष अपील की थी। राज्यमंत्री सतीश शर्मा पहले भी ऑटो रिक्शा से क्षेत्र में घूमकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते रहे हैं।
राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील से प्रेरित होकर आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी अपनाओ और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन भविष्य की आवश्यकता हैं और इनके उपयोग से प्रदूषण में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि वे संकल्प लिये हैं कि स्थानीय कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों में वे अधिकतर ऐसे ही सार्वजनिक वाहनों से ही दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि वह अपने काफिले की गाड़ियों को पहले ही कम कर चुके हैं। मंत्री ने जनता से भी हर संभव स्तर पर डीजल और पेट्रोल बचाने की अपील की है।का वीडियो
