नारी शक्ति का विरोध बंद करो.. सहारनपुर में कांग्रेस सांसद के आवास के बाहर भाजपा महिला मोर्चा का धरना

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के आवास के बाहर जन आक्रोश धरना प्रदर्शन किया और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय महामंत्री रमा गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित धरने में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी, सांसद इमरान मसूद और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

रमा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व देने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है, लेकिन विपक्ष लगातार महिला हितों के मुद्दे पर राजनीति कर रहा है। 

भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री सरोज शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने महिलाओं की भावनाओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का महिलाओं के अधिकारों को लेकर दोहरा चरित्र सामने आ चुका है और वह केवल वोट बैंक की राजनीति करता है। मोर्चा की पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कुसुम अग्रवाल ने कहा कि विपक्ष को देश की महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन करना चाहिए।

मोर्चा की महानगर अध्यक्ष आरती शर्मा और महानगर उपाध्यक्ष कंचन धवन ने प्रदर्शन के दौरान "नारी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान", "महिलाओं का अधिकार सुनिश्चित करो" और "नारी शक्ति का विरोध बंद करो" जैसे नारे लगाकर विरोध जताया। महानगर महामंत्री सारिका गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। 

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों महिलाओं को लाभ मिल रहा है, जबकि विपक्ष लगातार महिला सशक्तिकरण का विरोध कर रहा है। धरना प्रदर्शन में सोनम कश्यप, सिमरन गुंबर, शिखा कश्यप, दीप्ति, पार्षद आरती, बरखा कल्याण, नूतन सहित महिला मोर्चा की अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।  

संबंधित समाचार