Bareilly: प्रभारी मंत्री बोले- ईंधन पर बंदिश नहीं, सबका सहयोग ले रही सरकार, पीएम की अपील का सकारात्मक असर
बरेली, अमृत विचार। राज्य के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा है कि इजराइल, अमेरिका-ईरान युद्ध की बीच देश में ईंधन की कमी न हो, इसके लिए सरकार सभी जरूरी फैसले ले रही है। पाबंदी नहीं, सहयोग से समाधान की दिशा तय की जा रही है। पीएम नरेन्द्र मोदी की अपील का जनता पर बहुत सकारात्मक असर हो रहा है और लोग खुद ही ईंधन की बचत में जुटे नजर आ रहे हैं।
सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री जेपीएस राठोर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वैश्विक हालत देखते हुए ईंधन की बचत बहुत जरूर कदम है। युद्ध का असर कच्चे तेल के आयात पर पड़ रहा है। पीएम ने देशवासियों से सहज अपील की है कि वाहन कम चलाएं और ईंधन बचाएं। केंद्र और प्रदेश सरकार महंगाई को नियंत्रित रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। प्रधानमंत्री अन्य देशों से समन्वय बनाकर समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना काल में वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया था, लेकिन जनता ने अफवाहों पर भरोसा नहीं किया।
यूपी में आगामी चुनाव को लेकर मंत्री राठौर ने कहा कि भाजपा लगातार आम लोगों से जुड़ने का काम कर रही है। पश्चिमी बंगाल जीत का मंत्र भी जनता से जुड़ाव है। चाय पर चर्चा, झालमुड़ी और जंगल महल जैसे अभियानों के माध्यम से पार्टी ने गरीब और आम वर्ग तक पहुंच बनाई। बंगाल में नतीजा सामने है। विपक्ष केवल दिखावे की राजनीति करता है, जबकि भाजपा जमीन पर काम कर रही है। बरेली में आंधी-तूफान से जानमाल के नुकसान होकर लेकर मंत्री ने कहा कि सभी प्रभावित परिवारों को फौरी तौर पर आर्थिक सहायता पहुंचाई गई है। घायलों का समुचित इलाज कराया जा रहा है। सरकार किसी भी व्यक्ति को कोई समस्या नहीं होने देगी।
तूफान में उड़े नन्हे मियां से भी उन्होंने मुलाकात की है और भरोसा दिया है कि इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। इस मौके पर वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार, बिथरी विधायक डॉ राघवेंद्र शर्मा, डॉ. एमपी आर्या, एमएलसी महाराज सिंह, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, बरेली जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना प्रमुख रूप से मौजूद रहे। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सहसंयोजक डॉ. विमल भारद्वाज के साथ बंटी ठाकुर, अभय चौहान, अंकित शुक्ला, पुष्पेंद्र शुक्ला, राहुल साहू आदि ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया।
