मथुरा : 1, 2 नहीं 52 बार किया कॉल... लेकिन पत्नी ने नहीं उठाया फोन, तो पति ने दी जान, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मथुरा। यूपी के मथुरा जिले में नौहझील थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। युवक के परिजनों के अनुसार उसने आत्महत्या करने से पहले पत्नी से बात करने के लिए 52 बार फोन कॉल किया, लेकिन पत्नी ने एक बार भी फोन नहीं उठाया तो निराश होकर युवक ने फांसी लगा ली। 

थाना प्रभारी जगदम्बा सिंह ने बताया कि क्षेत्र के बिरजूगढ़ी गांव निवासी पुष्पेंद्र (24) की शादी जून 2023 में हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी में अक्सर विवाद रहता था। परिजनों का आरोप है कि दो दिन पहले ही पुष्पेंद्र अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़कर आया था। बृहस्पतिवार को दोनों में फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। 

थाना प्रभारी ने परिजनों के हवाले से बताया कि इसके बाद पुष्पेंद्र ने पत्नी को 52 बार फोन कॉल किए, लेकिन पत्नी ने फोन नहीं उठाया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक पुष्पेंद्र इस बात से भी नाराज था कि उसकी पत्नी हरियाणा के फरीदाबाद में रहकर नौकरी करती थी और इस बार जब घर आई थी तो उसने पैर में बिछिया भी नहीं पहने थी।

पुष्पेंद्र को शक था कि पत्नी किसी और से संबंध रख रही है। इसी कारण तनाव में पुष्पेंद्र ने शुक्रवार शाम को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सूचना मिलने पर पुष्पेंद्र के ससुराल पक्ष के लोग भी गांव पहुंचे। उन्होंने पुष्पेंद्र के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।  

संबंधित समाचार