Odisha: मुख्यमंत्री माझी का एलान, कला-संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ओडिशा में खुलेगा Film Training Institute

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घोषणा की है कि उनकी सरकार ओडिया फिल्म उद्योग के पुनरुद्धार के लिए जल्द ही एक विशेष ओडिया सिनेमा नीति लागू करेगी तथा एक फिल्म प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना भी करेगी। माझी ने शुक्रवार को ओडिया सिनेमा पर आयोजित एक विशेष संगोष्ठी में भाग लेते हुए यह घोषणा की।

उन्होंने फिल्म निर्माताओं से भगवान जगन्नाथ और उनसे जुड़ी ओडिया संस्कृति, कलिंग के समुद्री इतिहास, जनजातीय संस्कृति, चक्रवात और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान लोगों के संघर्ष तथा ग्रामीण ओडिशा के सुख-दुख जैसे विषयों पर फिल्म बनाने का सुझाव भी दिया। 

मुख्यमंत्री ने फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियों और कलाकारों के साथ ओडिया सिनेमा की मौजूदा स्थिति और उसके भविष्य को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा, ''हम जल्द ही एक नयी फिल्म नीति लागू करेंगे, जिसका उद्देश्य ओडिया सिनेमा की अपनी अलग पहचान बनाना है।''

माझी ने कहा, ''सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह किसी राष्ट्र की स्मृति, संस्कृति, विचार और आत्मा का सच्चा प्रतिबिंब है।'' ओडिया सिनेमा की लोकप्रियता पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिया फिल्मों को कहीं और से नकल नहीं करनी चाहिए, बल्कि उनकी अपनी आवाज और पहचान होनी चाहिए। इस संगोष्ठी में फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चिलिका, कोणार्क और कोरापुट जैसे रमणीय स्थलों को प्रमुख शूटिंग स्थलों के रूप में विकसित करने की योजना पर भी चर्चा की गई। 

इसके अलावा, स्थानीय प्रतिभाओं को वैश्विक मंच प्रदान करने के लिए ओडिशा में एक अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिया जीवन, संस्कृति और परंपरा पर आधारित सिनेमा दर्शकों को आकर्षित करेगा, इसलिए फिल्म निर्माण में कौशल प्रदान करने के लिए ओडिशा में एक फिल्म प्रशिक्षण संस्थान की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि ऐसा संस्थान राज्य में स्थापित किया जाएगा। माझी ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती बीजू जनता दल (बीजद) की सरकार ने राज्य में अपने 24 वर्षों के शासनकाल के दौरान ओडिया फिल्म उद्योग के लिए कोई योगदान नहीं दिया। 

यह भी पढ़ें:
Dhurandhar 2 OTT Release : बॉक्स ऑफिस पर भूचाल के बाद OTT पर गदर मचाएगी Dhurandhar 2, कन्फर्म हो गई डेट 

संबंधित समाचार