Uttrakhand: मुख्यमंत्री धामी बोले-धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा मां वाराही धाम
देवीधुरा/चम्पावत। पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चम्पावत जनपद के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध माँ वाराही शक्तिपीठ धाम, देवीधुरा पहुंचकर मंदिर के नवनिर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और मंदिर समिति से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां वाराही धाम केवल श्रद्धा का केंद्र नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि धाम का विकास इसकी पौराणिक गरिमा और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ आध्यात्मिक अनुभूति भी मिल सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में माँ वाराही धाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जानकारी दी गई कि लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर का भव्य नवनिर्माण कार्य चार खाम सात थोक एवं मां वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट द्वारा आगामी दो से तीन वर्षों में पूरा किया जाएगा। मंदिर निर्माण में राजस्थान के विशेष नक्काशीदार पत्थरों का उपयोग होगा, जबकि स्थापत्य एवं शिल्प कार्य गुजरात के विशेषज्ञ कारीगरों की देखरेख में कराया जाएगा। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
