Prayagraj News: 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, धूमनगंज पुलिस की बड़ी सफलता
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज कमिश्नरेट की धूमनगंज पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश रितेश पाल उर्फ सोनू पाल उर्फ विनय पाल को गिरफ्तार किया है। यह गैंगस्टर एक्ट और हत्या से जुड़े मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ प्रयागराज के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में कुल 27 मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार, धूमनगंज थाना टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी।की गयासुद्दीनपुर के पास से शुक्रवार देर शाम को एसटीपी प्लांट के पास से अभियुक्त रितेश पाल को पकड़ा गया।
आरोपी धूमनगंज थाना क्षेत्र के काशीराम कॉलोनी, नीमसराय मुंडेरा का निवासी है, जबकि उसका मूल निवास फतेहपुर जनपद के खखरेरू थाना क्षेत्र का उमरपुर गिरिया गांव है।पुलिस ने बताया कि आरोपी सिविल लाइंस थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था। इसके अतिरिक्त, धूमनगंज थाने में दर्ज बीएनएस की धारा 304(2) से संबंधित मामले में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रितेश पाल के खिलाफ प्रयागराज के धूमनगंज, सिविल लाइंस, जार्जटाउन, घूरपुर, खुल्दाबाद, कीडगंज, कर्नलगंज और बारा थानों में कई मामले दर्ज हैं। इन मुकदमों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। उसका आपराधिक इतिहास वर्ष 2017 से लगातार सामने आता रहा है।आरोपी पर लूट और चोरी की कई वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। इसके साथ ही उस पर अवैध हथियार रखने, धोखाधड़ी करने और गैंग बनाकर अपराध करने जैसे गंभीर आरोप भी दर्ज हैं।
