बाराबंकी : गैस एजेंसी पर चला चाबुक, 8551 कनेक्शन ट्रांसफर

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। गैस सिलेंडर को लेकर लाइन लगते आमजन और निरंतर आपूर्ति के लिए प्रयासरत प्रशासन की मंशा में बाधा बन रही एजेंसियों पर चाबुक चलने लगा है। लगातार शिकायतों व अनियमितता मिलने के बाद शहर की बड़ी एजेंसी के 8551 कनेक्शन दूसरी एजेंसियों को ट्रांसफर कर दिए गए हैं। खास बात यह भी कि 955 गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी लगातार लंबित चल रही थी।

कार्रवाई की जद में आई अमित गैस एजेंसी शहर के कस्बा बंकी में स्थित है। इस एजेंसी पर मारपीट, लंबी लाइन, उपभोक्ताओं से बदसलूकी जैसी शिकायतें आम हो रही थीं। एजेंसी ने आपदा में अवसर तलाशने का भी काम किया और होम डिलीवरी में एक उपभोक्ता का सिलेंडर दूसरे को दे दिया।

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने गैस उपभोक्ताओं की समस्या का संज्ञान लेते हुए बैकलाग वाली एजेंसियों की जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनकी सख्ती का असर यह हुआ कि करीब हर एजेंसी की जांच शुरु कर दी गई, इनमें अमित गैस एजेंसी का नाम सबसे ऊपर आ गया।

वितरण से संबंधी शिकायतों की जांच में एजेंसी का खेल उजागर हो गया। पता चला कि 955 उपभोक्ता ऐसे थे जिन्हे होम डिलीवरी ही नहीं की जा सकी थी। बता दें कि इस एजेंसी में करीब 18 हजार से अधिक गैस कनेक्शन हैं। लंबे समय से उपभोक्ता समय पर सिलिंडर न मिलने, बुकिंग में देरी और होम डिलीवरी में गड़बड़ी की शिकायत कर रहे थे। इस पर कार्रवाई करते हुए 8551 कनेक्शन दूसरी एजेंसियों को ट्रांसफर कर दिए गए हैं। इसके आगे की कार्रवाई भी प्रक्रिया में है। यही नहीं दूसरी एजेंसियों की जांच भी जारी है। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई तय है। 

जिला पूर्ति अधिकारी बोले-

जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी ने बताया कि वितरण से जुड़ी शिकायतों व अन्य अनियमितता के बाद अमित गैस एजेंसी के साढ़े आठ हजार से अधिक कनेक्शन ट्रांसफर कर दिए गए हैं। उपभोक्ता अधिकार से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

संबंधित समाचार