गोरखपुर में बोले सीएम योगी- राष्ट्रवाद के भाव से आचरण ही भाजपा कार्यकर्ता की पहचान

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की असली पहचान राष्ट्रवाद की भावना से ओत-प्रोत आचरण है। सीएम योगी रविवार को गोरखपुर के सहजनवा विधानसभा क्षेत्र में तेनुआ टोल प्लाजा के पास एक रिजॉर्ट में भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के संस्थापकों के दिए मूल्यों और आदर्शों पर चलते हुए देश की एकता, अखंडता, शुचिता और पारदर्शिता के साथ कार्य करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, सपा, राजद, टीएमसी, डीएमके समेत अन्य भ्रष्टाचार में डूबे दलों को समाज सम्मान नहीं देता। भाजपा कार्यकर्ता को सम्मान इसलिए मिलता है क्योंकि उसके आचरण में राष्ट्रवाद और भारतीयता झलकती है।
 
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के तहत आयोजित इस जिला प्रशिक्षण वर्ग के प्रतिभागियों को उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव से निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की सुरक्षा, संस्कृति, सुशासन और समृद्धि को जोड़ने का काम करने वाली भाजपा इकलौती पार्टी है। केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्य सरकारें इसी को अपने कार्यक्रमों का आधार बनाती हैं।
 
उन्होंने बताया कि स्थापना के 50 वर्ष से भी कम समय में भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी है और केंद्र व 22 राज्यों में राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ा रही है। भाजपा दुनिया की इकलौती ऐसी पार्टी है जिसने हमेशा साफ कहा है कि राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्ति अंतिम
 
सीएम योगी ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान निर्मित होने और 26 जनवरी 1950 को लागू होने के तुरंत बाद कांग्रेस ने तुष्टिकरण की वही राजनीति शुरू कर दी जिसके कारण देश का विभाजन हुआ था। तब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रयास से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारतीय जनसंघ की स्थापना की, जो बाद में भाजपा का रूप लेने वाली राष्ट्रवादी राजनीति की नींव बनी।उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रवाद के आदर्शों को मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

संबंधित समाचार