UP Crime News: चंदौली में ट्रेन, अस्पताल में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या करने वाला हत्यारोपी एनकाउंटर में ढेर 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : यूपी का चंदौली जिला 26 घंटे के अंदर, ताबड़तोड़ तीन हत्याओं से दहल गया। हत्यारे ने चली ट्रेनों में दो यात्रियों को गोली से उड़ा दिया। उसके बाद एक अस्पताल में भर्ती महिला की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। करीब 16 किलोमीटर के दायरे में तीन हत्याएं करके इलाके में दहशत फैलाने वाले एक संदिग्ध हत्यारोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। मुठभेड़ में मारे गए आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो मूलरूप से पंजाब का रहने वाला और कथित रूप से पूर्व सैन्यकर्मी बताया जा रहा है। 

चंदौली में हत्याओं का खौफनाक सिलसिला रविवार सुबह शुरू हुआ था।  पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से पैसेंजर ट्रेन में सवार आरोपी गुरप्रीत सिंह ने एक मंगरू नामक एक यात्री से कहासुनी के बाद उसकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी थी। शव ट्रेन से फेंकने के बाद खुद 9 किलोमीटर तक यात्रा की और बाद में ट्रेन धीमी होने पर ताजपुर गांव के पास कूदकर फरार हो गया। 

पुलिस और जीआरपी हत्याकांड की जांच में जुटी थी। उधर आरोपी, व्यासनगर गांव पहुंचा। पीपीडीयू जंक्शन से जम्मूतवी एक्सप्रेस में सवार हो गया। रविवार की रात करीब दो बजे उसने जम्मूतवी एक्सप्रेस में बिहार के दिनेश साहू की गोली मारकर हत्या कर दी। ट्रेन की स्पीड कम होने पर कूदकर भाग गया। 

चंदौली में 18 घंटे के भीतर ट्रेन में ताबड़तोड़ दो हत्याओं और दोनों केस में कनपटी पर सटाकर गोली मारने के पैटर्न ने पुलिस-जीआरपी की नींद उड़ा दी।

इस हत्यारा व्यसनगर से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित जीवक अस्पताल पहुंचा। अस्पताल में भर्ती एक महिला के सिर में पिस्टल सटाकर गोली मार दी। हत्या के बाद आरोपी अस्पताल से भाग रहा था तो भीड़ ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिय और पुलिस के हवाले कर दिया। 

तीनों हत्याओं में आरोपी ने कनपटी पर सटाकर गोली मारी थीं। हत्या के एक जैसे पैटर्न पर पुलिस ने उससे तीनों केसज के बारे में पूछताछ की तो उसकी सनक की खौफनाक हकीकत सामने आई। 

पुलिस के मुताबिक हत्यारोपी ने पूछताछ में बताया कि वह शराब पीक बेकाबू हो जाता है। और इसी तरह उसने तीनों हत्याएं की हैं। एसपी चंदौली आकाश पटेल के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएट कराने के लिए पुलिस घटनास्थलों पर लेकर गई थी। जहां उसने एक अधिकारी की पिस्टल छीन ली और पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। 

पुलिस की जवाबी कार्यवाही में आरोपी गुरुप्रीत सिंह को गोली लगी। पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। 

पुलिस के मुताबिक, हत्यारोपी गुरुप्रीत सिंह बिहार में गार्ड की नौकरी के लिए गया था, जहां कुछ दिन काम करने के बाद उसका विवाद हो गया और उसे वहां से हटा दिया गया। उसके बाद वह इधर उधर भटक रहा था और इस तरह की घटनाएं अंजाम देने लगा। 

फिलहाल हत्यारोपी, एनकाउंटर में मारे गए गुरप्रीत के बारे में पुलिस अधिक जानकारी जुटा रही है। उसने अपने परिवार के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी थी।

संबंधित समाचार