काशी के घाटों पर पसरा सन्नाटा : भीषण गर्मी और लू से पर्यटक परेशान, पारा 40 डिग्री के होगा पार
वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी के गुलजार रहने वाले घाटों पर सोमवार सुबह से सन्नाटा पसरा दिखने लगा है। चिलचिलाती धूप और लू ने काशीवासियों के साथ-साथ आने वाले पर्यटकों को भी परेशान कर रखा है। 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा ने उमस बढ़ा दी है। सुबह से ही तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पार करता दिख रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास है।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दोपहर तक पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार चला जाएगा। मौसम विज्ञान विभाग ने 19 से 21 मई के बीच लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो-तीन दिनों में तापमान में और भारी वृद्धि की संभावना जताई गई है। ऐसे में काशी आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु होटलों व धर्मशालाओं के कमरों में ही रहने को मजबूर हो गए हैं।
सिगरा-महमूरगंज स्थित एक होटल में ठहरे झारखंड के एक परिवार ने बताया कि वे कल ही काशी की धार्मिक यात्रा पर पहुंचे थे, लेकिन घाटों पर इतनी गर्मी है कि घाटों की सैर संभव नहीं हो पा रही। नाविक सोनू साहनी ने बताया कि सुबह के समय घूमने वाले पर्यटकों की संख्या आधी से भी कम रह गई है। कुछ पर्यटक बोटिंग के दौरान ही गर्मी से परेशान होकर बीच में अन्य घाटों पर उतर जा रहे हैं। बुजुर्ग दर्शनार्थियों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
