कानपुर में फर्जी अंकपत्र, डिग्री बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ दो गिरफ्तार
कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर की किदवई नगर पुलिस ने सोमवार को फर्जी मार्कशीट, डिग्री और माइग्रेशन सर्टिफिकेट बनाकर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने सोमवार को बताया कि आरोपी मनीष उर्फ रवि और अर्जुन यादव विभिन्न फर्जी विश्वविद्यालयों और संस्थानों के नाम पर इंटरमीडिएट से लेकर पीएचडी तक की फर्जी मार्कशीट, डिग्री, ग्रेड शीट और माइग्रेशन सर्टिफिकेट तैयार कर लोगों को उपलब्ध कराते थे।
आरोपियों द्वारा बिना परीक्षा दिलाए डिग्री उपलब्ध कराने का अवैध कारोबार भी संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, नकली मोहरें, लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने विभिन्न राज्यों के छात्रों को निशाना बनाकर करीब 80 फर्जी माइग्रेशन सर्टिफिकेट जारी किए।
जांच में तेलंगाना यूनिवर्सिटी समेत कई संस्थानों के नाम के दुरुपयोग की बात भी सामने आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच के दौरान करोड़ों रुपये के लेनदेन के महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इसके अलावा आरोपियों द्वारा "ग्लोबल बुक ऑफ एक्सीलेंस अवार्ड यूके लंदन" के नाम पर कथित अवार्ड कार्यक्रम आयोजित कर लोगों से ठगी करने का भी खुलासा हुआ है।
गिरोह द्वारा कई सेलिब्रिटीज को अवार्ड देने का दावा कर प्रचार-प्रसार किया जाता था। मुख्य आरोपी मनीष ने पूछताछ में दुबई यात्रा करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
