लखनऊ में हनुमत संग्रहालय का दर्शन, बलरामपुर गार्डेन में होगा दो दिवसीय श्रीराम हनुमत महोत्सव, जानिये डेट
लखनऊ, अमृत विचार। हनुमत सेवा समिति की ओर से आगामी 16 और 17 मई को अशोक मार्ग स्थित बलरामपुर गार्डेन में श्रीराम हनुमत महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन शाम 4:30 बजे से रात 10 बजे तक होगा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को श्रीराम हनुमत महोत्सव- 2026 का पोस्टर जारी कर इस आध्यात्मिक अनुष्ठान की घोषणा की।
इस आध्यात्मिक समारोह में कृष्ण कुमार चौरसिया के विश्वविख्यात हनुमत संग्रहालय का दर्शन करवाया जाएगा। इसके साथ ही लखनऊ में पहली बार छत्तीसगढ़ के रामनामी समुदाय से मिलने, और जानने का अवसर भी प्राप्त होगा। संयोजक विवेक पाण्डेय ने बताया कि मंच का संचालन प्रेम कांत तिवारी करेंगे।
उन्होंने बताया कि 16 मई को शाम 4:30 बजे मंगलाचरण के बाद 5 बजे मुम्बई के विश्वविख्यात भजन गायक प्रेम प्रकाश दुबे द्वारा हनुमान चालीसा का 21 स्वर सामूहिक पाठ किया जाएगा। इसके बाद शाम 7:15 बजे नैमिषारण्य (सीतापुर) के प्रख्यात कथावाचक कपिल शास्त्री द्वारा और देवता चित्त न धरई, हनुमंत सेई सर्व सुख करई... विषय पर विलक्षण व्याख्यान दिया जाएगा। रात 8 बजे विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न विभूतियों को हनुमंत कृपा सम्मान प्रदान किया जाएगा। रात 8:25 बजे मुम्बई के भजन गायक प्रेम प्रकाश दुबे एवं उनके दल द्वारा भजनों की अमृत वर्षा की जाएगी। 9:55 बजे ज्योति प्रार्थना एवं आरती के बाद प्रसाद एवं हनुमंत भंडारा होगा।
उन्होंने बताया कि 17 मई को दिल्ली निवासी अजय याज्ञनिक द्वारा सुंदरकांड का सस्वर सामूहिक पाठ किया जाएगा। रात 8:30 बजे अंतरराष्ट्रीय भजन गायक जय पांडे कोकिल एवं वरिष्ठ तबला वादक श्री पांडे द्वारा भजनों की मधुर प्रस्तुतियां भक्तों को आध्यात्मिकता से सराबोर करेगी। रात 10 बजे गंगा महाआरती के दर्शन होंगे। उसके बाद हनुमंत भंडारा होगा।
