बाराबंकी : पीएम की अपील पर न्यायपालिका की अनोखी पहल, जजों ने छोड़े सरकारी वाहन, पैदल पहुंचे न्यायालय
बाराबंकी, अमृत विचार। जनपद में सोमवार को जनपद न्यायाधीश प्रतिमा श्रीवास्तव सहित सभी जजों ने सरकारी वाहनों का उपयोग छोड़ पैदल ही कचहरी पहुंचकर अनूठी मिसाल पेश की। जजों को आम लोगों की तरह सड़क पर पैदल चलते देख हर कोई हैरान रह गया। जिला जज प्रतिमा श्रीवास्तव ने बताया कि पेट्रोलियम संकट, ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए न्यायालय परिवार ने यह सामूहिक निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि सभी जजों के आवास कचहरी के पास हैं, इसलिए छोटी दूरी के लिए वाहनों का प्रयोग बंद कर पैदल चलने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह केवल एक दिन की पहल नहीं, बल्कि आगे भी जज पैदल दफ्तर आने का प्रयास जारी रखेंगे।
जनपद न्यायाधीश ने कहा कि लोगों को छोटे-छोटे कार्य पैदल अथवा साइकिल से करने चाहिए, जिससे पेट्रोल की बचत हो सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पेट्रोल बचाने की अपील कर चुके हैं। इस दौरान प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाम्भवी यादव सहित जनपद न्यायालय के अन्य न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और कर्मचारी मौजूद रहे।
