Barabanki Crime News: दुष्कर्म का प्रयास, विरोध करने पर मारपीट
बनीकोडर/ बाराबंकी, अमृत विचार। घात लगाकर बैठे युवक ने खेत जा रही महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध करने पर मारपीट की। यही नहीं आरोपी ने महिला के परिवार पर हमला किया। पुलिस के सुनवाई न करने पर कोर्ट में गुहार लगाई गई तब जाकर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। अदालत में गुहार लगाते हुए महिला ने बताया कि 27 अप्रैल की शाम वह शौच के लिए गई थी।
आरोप है कि पुलिया के पास पहले से घात लगाए बैठे अरविन्द कुमार ने उसे पकड़ दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध करने पर मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर उसकी देवरानी मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। घटना की जानकारी परिवार को देने पर आरोपी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और लात-घूसों से हमला कर दिया।
जिसमें महिला के सिर में चोट आई तथा उसके देवर का हाथ फ्रैक्चर हो गया। दोनों का उपचार जिला अस्पताल में कराया गया। आरोप है कि थाने में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने डीएम, एसपी आदि से भी शिकायत की। अदालत के आदेश पर थाना पुलिस ने अरविन्द कुमार, राम किशोर, योगेश कुमार, मीरा और तिलका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बंद पड़े घर से लाखों के जेवर नकदी पार
बाराबंकी: नगर कोतवाली क्षेत्र के कटहरी बाग स्थित लक्ष्मणपुरी कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित पत्नी की मृत्यु के बाद संस्कार निपटाने गांव गया हुआ था। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।जानकारी के अनुसार यह घटना शहर में कटहरी बाग स्थित एक घर में हुई। यहां के निवासी जगदम्बा बक्श सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी का निधन 3 मई को हो गया था। इसके चलते वह परिवार सहित अपने पैतृक गांव रामपुर थाना असन्द्रा गए हुए थे।
16 मई को त्रयोदश संस्कार के बाद जब वह वापस अपने घर लौटे तो कमरे का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार अलमारी और लोहे के बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 40 हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरी हुए सामान में सोने की चेन, झुमकी, टप्स, हार, अंगूठियां, गले की चेन तथा करीब आधा किलो चांदी की पायल और पावजेब शामिल हैं। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ित ने बताया कि उनके दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना से जुड़े फुटेज भी मौजूद हैं।
जबरन रेल फाटक खोला, विरोध पर गेटमैन को पीटा
त्रिवेदीगंज : लोनीकटरा थाना क्षेत्र में ट्रेन निकलने के लिए बंद किए गए फाटक को जबरन खोलने का प्रयास किया। वहां मौजूद गेटमैन ने इन लोगों को रोका तो उस पर हमला कर मारपीट की गई। हमले में घायल गेटमैन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी के अनुसार उन्नाव जनपद के शुक्लागंज निवासी दिव्यांश कौशिक रेलवे के समपार संख्या 167 ए/सी टीईजी-एचजीएच पर गेटमैन के पद पर तैनात हैं।
उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 मई की शाम वह अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान ट्रेन संख्या 14021 के गुजरने के कारण रेलवे फाटक बंद था। आरोप है कि तेजवापुर निवासी मोनू वर्मा अपने साथी विनोद वर्मा निवासी अलमापुर के साथ बाइक से पहुंचे और जबरन फाटक का बूम उठाकर निकलने का प्रयास करने लगे। गेटमैन द्वारा रोकने और ट्रेन आने की जानकारी देने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरु कर दी।
विरोध करने और वीडियो बनाने पर आरोपियों ने मोबाइल छीनकर फेंक दिया तथा दिव्यांश को गिराकर मारपीट की, जिससे उनके सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं। घटना की सूचना स्टेशन मास्टर, रेलवे अधिकारियों, आरपीएफ तथा डायल 112 को दी गई। आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और एक आरोपी को पकड़कर थाना लोनीकटरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है।
