गजब : चालक ने रेलवे ट्रैक पर दौड़ा दी ट्रक, चार घंटे बाधित रहा मार्ग, 3 ट्रेनें प्रभावित
प्रतापगढ़,अमृत विचार। हादसे के बाद ट्रक चालक ने पकड़े जाने के डर से नीमा गोपालपुर हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर ही ट्रक को दौड़ा दिया। करीब दो किलोमीटर जाकर ट्रक फंस गया। इसके बाद ट्रैक पर ही ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला। इससे रेल रूट करीब चार घंटे बाधित रहा और तीन ट्रेनें प्रभावित हुईं। ढकवा-पट्टी मार्ग पर सोमवार सुबह साढ़े छह बजे एक ट्रक चालक तेज रफ्तार से नीमा गोपालपुर हाल्ट के करीब पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोग ट्रक का पीछा कर रहे थे। ऐसा लग रहा था कि जैसे वह कहीं से कोई दुर्घटना कर भाग रहा हो। जब वह ट्रक लेकर हाल्ट के पास पहुंचा तब तक फाटक बंद हो चुका था। उसके सामने दो-तीन बड़े वाहन खड़े हो गए थे। भागने का मौका न देख कर उसने किनारे से ट्रक को उतार कर सीधे रेलवे ट्रैक पर चढ़ा दिया और कोइरीपुर-सुलतानपुर की तरफ हावड़ा-दिल्ली रूट पर ट्रक को ट्रैक पर ही दौड़ाता रहा। करीब दो किलोमीटर जाने पर गिट्टियों में ट्रक फंस गया और आगे नहीं बढ़ सका।
इसके बाद ट्रक चालक वहीं ट्रैक पर ही ट्रक छोड़कर भाग निकला। लोग ट्रक चालक के पीछे भागे, लेकिन जब तक उसके समीप तक पहुंचते तब तक वह ट्रक छोड़कर भाग चुका था। नीमा गोपालपुर हाल्ट के गेटमैन विजेंद्र कुमार पटेल ने घटना की जानकारी तत्काल कोइरीपुर रेलवे स्टेशन मास्टर को दी।
स्टेशन मास्टर ने बिना देर किए सीनियर सेक्शन इंजीनियर को मौके पर भेजा। इसके बाद बैकहो लोडर यानी जेसीबी बुलाकर रेलवे ट्रैक से ट्रक को हटाया गया। तब जाकर जिस ट्रैक पर ट्रक दौड़ रही थी उस रूट का यातायात बहाल हो सका। हालांकि लखनऊ- वाराणसी रेलमार्ग पर बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के कारण 3 ट्रेनें प्रभावित हुईं।
ट्रक को करीब 10.30 बजे तक रेलवे ट्रैक से हटाकर रेलमार्ग बहाल कराया गया। इस दौरान चार घंटे रेलमार्ग बाधित रहा। ट्रक जीआरपी सेंटर सुल्तानपुर भेज दिया गया है। ट्रक मालिक से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। ट्रक चालक पर केस दर्ज किया जाएगा... रोहित यादव, स्टेशन मास्टर,कोइरीपुर।
