कृषि विश्वविद्यालय में प्रत्येक मंगलवार को घोषित हुआ ''नो व्हीकल-डे''... ई-रिक्शा और साइकिल से कार्यालय पहुंचे कुलपति, वैज्ञानिक और कर्मचारी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण के आह्वान के बाद से आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में भी प्रत्येक मंगलवार को ''नो व्हीकल-डे'' घोषित कर दिया गया है। कुलपति डॉ. पीएस प्रमाणिक की पहल पर निदेशक प्रशासन डॉ. सुशांत श्रीवास्तव की ओर से पत्र जारी कर प्रत्येक मंगलवार को ''वाहन मुक्त दिवस'' घोषित किया गया है। पत्र के माध्यम से विवि परिवार के सभी सदस्यों से यह अपील की गई है कि विवि परिसर, बाह्य महाविद्यालयों एवं केंद्रों पर पेट्रोल, डीजल चालित वाहन का उपयोग यथासंभव नहीं करें।

कृषि विश्वविद्यालय में मंगलवार को इसका खासा असर देखने को मिला। सड़क पर पेट्रोल और डीजल चालित वाहन नहीं देखने को मिले। कुलपति डॉ. पीएस प्रमाणिक सुबह नौ बजे अपने आवास से ई-रिक्शा से प्रशासनिक भवन स्थित कुलपति कार्यालय पहुंचे। कुलपति का सरकारी वाहन उनके आवास पर खड़ा रहा। कुलपति के सचिव डॉ. जसवंत सिंह साइकिल से प्रशासनिक भवन पहुंचे। कृषि अधिष्ठाता डॉ. प्रतिभा सिंह एवं वानिकी महाविद्यालय के सह अधिष्ठाता डॉ. भानु प्रताप सहित कई विभागाध्यक्ष इलेक्ट्रिक वाहनों से आरएसी की मीटिंग में पहुंचे।

सुरक्षा अधिकारी डॉ. रमेश प्रताप सिंह ने बताया कि छात्र-छात्राएं भीषण गर्मी में छाता लेकर क्लास करने के लिए पहुंचे तो कई शिक्षक और कर्मचारियों ने ई-रिक्शा और साइकिल का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि विवि परिसर में शिक्षक, वैज्ञानिक और कर्मचारी मिलाकर लगभग 1500 लोग निवास कर रहे हैं। जो रोज कार्यालय आने-जाने में वाहनों का प्रयोग करते हैं। भीषण गर्मी में किसी को परेशानी नहीं हो इसके लिए छह अतिरिक्त ई-रिक्शा चालकों को पास निर्गत किया गया है। ये छात्रों और विवि के शिक्षकों एवं वैज्ञानिकों को कार्यस्थल तक पहुंचाने में मदद करेंगे।

संबंधित समाचार