इतना खौफ क्यों ?: अब इस शहर में रात 10 से सुबह 5 बजे तक PAC का पहरा, चिंता में डाल देगी वजह !

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। अगर किसी शहर में तनाव या जनआक्रोश नहीं रहते हुए भी PAC लगाना पड़े तो जाहिर है, मामला गंभीर होगा। उत्तराखंड के रुद्रपुर में नौबत यहां तक आन पड़ी कि अब रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक PAC जवानों के बूट गूंजेंगे। शहर में दंगे या तनाव जैसा माहौल भी नहीं फिर ऐसा क्यों किया गया इस सवाल का जवाब अपने आप में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। मगर सच यही है कि रुद्रपुर वालों के लिए फिलहाल ये आम सी बात होगी कि रात को किसी इलाके में अचानक पीएस जवानों की चहलकदमी सुनाई दे। 

व्यापारियों की मांग पर लिया फैसला
महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी अजय गणपति से मुलाकात की। इस दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लंबी और अहम वार्ता हुई। इसमें तय हुआ कि शहर की रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त करेगी। वहीं एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल प्रभाव से एक प्लाटून पीएसी तैनात करने के निर्देश जारी किए।

चोरी की घटनाओं से व्यापारी आक्रोशित
दरअसल कई प्रतिष्ठानों में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों में आक्रोश था। मंगलवार को महापौर शर्मा के नेतृत्व में व्यापारी एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा की। एसएसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस की विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा। एसएसपी ने कहा कि शहर की सुरक्षा के लिए लगायी जा रहा पीएसी शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त करेगी। पीएसी जवानों की निगरानी और संचालन के लिए एक सब इंस्पेक्टर को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि व्यापारियों के सुझावों के आधार पर शहर के कई संवेदनशील प्वाइंट चिन्हित कर लिए गए हैं। जहां पीएसी जवानों की विशेष तैनाती रहेगी। इसके अलावा शहर की गलियों और बाईपास मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रात में लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए पुलिसकर्मियों की अलग से ड्यूटी लगाई गई है। ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन मिलकर ऐसा सुरक्षा तंत्र तैयार कर रहे हैं जिससे भविष्य में चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

ऑपरेशन प्रहार से चला अपराधियों पर चाबुक
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड पुलिस लगातार ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों और नशा माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता महसूस होगी वहां नगर निगम की ओर से भी अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। भरोसा जताया कि नई सुरक्षा रणनीति लागू होने के बाद शहर में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत होगा।

 

संबंधित समाचार