Uttrakhand: कालाढूंगी में आबादी के पास भालू दिखने से लोगों में फैली दहशत

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

कालाढूंगी, अमृत विचार। रामनगर वन प्रभाग के कालाढूंगी रेंज में नगर के समीप भालू दिखाई देने से लोगों में दहशत का माहौल है। बुधवार सुबह वार्ड नंबर-1 की कुछ महिलाएं रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए नैनीताल रोड पर निकली थीं। इसी दौरान वन विभाग गेस्ट हाउस के पीछे सड़क किनारे अचानक भालू दिखाई देने से महिलाएं घबरा गईं।

महिलाओं ने डर के बीच भालू का वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ने से लोगों में भय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि बीते 17 अप्रैल को बौर नदी के पास नलनी बीट में 14 वर्षीय नर भालू का शव भी मिला था। इसके बाद से क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही अधिक देखी जा रही है। वन क्षेत्र से भालुओं के आबादी की ओर पहुंचने से स्थानीय लोग चिंतित हैं।

भूपेन्द्र बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी कई बार भालू की मूवमेंट देखी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भालू दिखने पर शांत रहें, धीरे-धीरे पीछे हटें और उसे निकलने का रास्ता दें। उन्होंने कहा कि शोर मचाने या हरकत करने पर भालू आक्रामक हो सकता है।

संबंधित समाचार