कानपुर : विस अध्यक्ष सतीश महाना के साथ भाजपा पदाधिकारियों ने देखी फिल्म 'कृष्णावतारम'
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण के कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पीवीआर सिनेमा हॉल में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित फिल्म "कृष्णावतारम" दिखायी। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। फिल्म के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों, धर्म, नीति, करुणा और समाज को दिए गए संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
फिल्म का मुख्य संदेश यह रहा कि पुरुषों में अहंकार नहीं होना चाहिए, महिलाओं में ईर्ष्या का भाव नहीं होना चाहिए तथा समाज में नारी का सदैव सम्मान होना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने वाली प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में परिवार, समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए संस्कार, सम्मान और मर्यादा अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार नारी सम्मान, महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की गरिमा की बात करते रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
कार्यकर्ताओं ने फिल्म को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस प्रकार की फिल्मों से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में सम्मान, सद्भाव और संस्कारों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, अर्जुन बेरिया, जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी, विनय मिश्रा, कमलजीत सिंह बग्गा, प्रवीण मिश्रा, अंकुर गुप्ता, लक्ष्मी नारायण निषाद, संजय तिवारी, पवन दीक्षित, रानू शुक्ला, अमन शुक्ला, सपना शर्मा, आशा पांडे सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
