Bareilly: ठेले से मरीज ले जाने के मामले में निदेशक आज करेंगी जांच

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल से बुजुर्ग महिला मरीज को ठेले पर ले जाने का मामला शासन स्तर तक पहुंच गया है। शासन के निर्देश पर निदेशक पैरामेडिकल डॉ. संजू अग्रवाल गुरुवार को जिला अस्पताल पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच करेंगी। वह मरीज के भर्ती होने, उपचार और उससे जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल करेंगी।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग महिला को उसका पति ठेले पर ले जाता दिखाई दिया था। वीडियो जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर का बताया गया था। महिला के पति ने अस्पताल में इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया था। मामले के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर सिक्योरिटी गार्ड, इमरजेंसी स्टाफ और वार्ड सहायक को हटा दिया गया। अब शासन स्तर से मामले की जांच कराई जा रही है। निदेशक अस्पताल की व्यवस्थाओं के साथ संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की भी समीक्षा करेंगी।

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखेगी एनक्वास टीम
जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्वास) की टीम 14 मई से तीन दिवसीय निरीक्षण करेगी। एनक्वास प्रमाणन के तहत प्रदेश के सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है। निरीक्षण को लेकर जिला अस्पताल प्रशासन कई दिनों से तैयारियों में जुटा है। सभी वार्डों के रिकॉर्ड दुरुस्त किए जा रहे हैं। ओपीडी, इमरजेंसी और वार्डों में नियमित सफाई कराई जा रही है। मरीजों के बेड की चादरें भी बदली जा रही हैं, ताकि निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं बेहतर दिखाई दें।

 

संबंधित समाचार