Meerut News : छात्रावास में मृत मिली एमबीए अंतिम वर्ष की छात्रा, महाविद्यालय परिसर में हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मेरठ। उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के गंगानगर क्षेत्र स्थित एक निजी महाविद्यालय के छात्रावास में बुधवार सुबह एमबीए अंतिम वर्ष की एक छात्रा का शव मिला है। यह जानकारी पुलिस सूत्रों ने यहां दी। पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि ऊंचाई से गिरने से छात्रा की मौत हुई है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मृतका की पहचान अनु गुप्ता (23) के रूप में हुई है, जो महाविद्यालय परिसर स्थित सरोजिनी नायडू छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पुलिस के अनुसार, एक सफाईकर्मी ने बुधवार सुबह छात्रावास की लॉबी में छात्रा का शव देखा और इसकी सूचना महाविद्यालय प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही महाविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्रा के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह कुछ दिन पहले ही अपने घर सहारनपुर से छात्रावास लौटी थी। घटना की सूचना मिलने पर गंगानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। 

पुलिस अधीक्षक (देहात) अभिजीत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि छात्रा की मौत सीढ़ी से फिसलने के कारण हुई है। पुलिस ने छात्रावास की वार्डन और सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ भी की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की विस्तृत जांच के लिए पुलिस की दो टीम गठित की गई हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में अभी तक किसी प्रकार के आपराधिक पहलू की पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार