दुस्साहस : आजमगढ़ में कार सवार दो युवकों पर बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग, एक की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक कार को ओवरटेक कर उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात में कार सवार दो युवक गोलियों से छलनी हो गए जिनमें से एक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गयी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार ने गुरुवार को बताया कि जहानागंज थाना क्षेत्र के कोढ़वा गांव निवासी सुशील कुमार (24) बीती देर रात करीब 12 बजे अपने मित्र उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव के साथ कार से एक भंडारे में शामिल होने जा रहे थे।

उमाशंकर मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के निवासी हैं। दोनों की कार रानीपुर गांव के पास पहुंची कि पहले से घात लगाकर बैठे बाइक सवार बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर रोक लिया। इससे पहले कि कार सवार कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। उन्होने बताया कि गोली लगने से कार सवार दोनों युवक लहुलूहान होकर सीट पर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए।

 स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से आनन-फानन में दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि घायल पिंटू यादव पूर्व में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुका है। 

एसएसपी ने बताया कि मामले के खुलासे और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, मृतक सुशील कुमार प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक हत्या के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

संबंधित समाचार