सीतापुर : हाईटेंशन लाइन पर पैर पड़ने से महिला की मौत, घटना पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
सीतापुर। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के ताल गांव क्षेत्र में गुरुवार को खेत में टूट कर गिरी हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि ताल गांव के ग्राम उल्कापुर में आज सुबह राम प्यारी (70) पत्नी मल्लू राम खेत पर जा रही थी। रास्ते में लहरपुर के शेरपुर फीडर का हाई वोल्टेज का विद्युत तार टूट कर गिरा हुआ था।
अचानक महिला का पैर पड़ जाने से करंट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गांव वालों की सूचना पर विद्युत आपूर्ति बंद करके पुलिस ने शव को विद्युत तार से अलग किया। घटना से गांव वाले विद्युत विभाग से काफी आक्रोशित हो गए और शव का पंचनामा भरने का विरोध करने लगे। पुलिस ने मौके पर उन्हें समझा बुझा कर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
