26वां गंगा महोत्सव : संगम नगरी में गंगा महोत्सव का आयोजन, संरक्षण-स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की तैयारियां तेज
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 17 मई से 26 मई तक 26वें गंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। हरिहर गंगा आरती समिति की ओर से रामघाट त्रिवेणी बांध पर आयोजित होने वाले इस 10 दिवसीय महोत्सव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष गंगा महोत्सव का मुख्य विषय "अविरल और निर्मल गंगा" रखा गया है। महोत्सव का उद्देश्य श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को गंगा संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
समिति ने बताया कि गंगा अवतरण दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें श्रद्धालु गंगा की स्वच्छता और निरंतर प्रवाह बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लेंगे। महोत्सव का शुभारंभ 17 मई को गंगा की मूर्ति स्थापना और भजन संध्या के साथ होगा। इसके बाद अगले 10 दिनों तक धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी।
महोत्सव में देश के प्रसिद्ध भजन गायक, लोक नृत्य कलाकार तथा गंगा जागरण कीर्तन मंडलियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी। इसके अलावा कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक संध्याओं का भी आयोजन किया जाएगा। हरिहर गंगा आरती समिति ने श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था की है।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव का मुख्य आकर्षण प्रतिदिन आयोजित होने वाली गंगा आरती होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। इस दौरान लोगों को "अविरल गंगा, स्वच्छ गंगा और निर्मल गंगा" का संकल्प पत्र पढ़ाकर गंगा संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
