BCCI Domestic Schedule: दलीप ट्रॉफी से सजेगा सीजन का मंच, जानें रणजी का नया फॉर्मेट

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुम्बई। भारतीय घरेलू क्रिकेट सीजन 2026-27 की शुरुआत 23 अगस्त से छह जोनल टीमों वाली पुरुष दलीप ट्रॉफ़ी से होगी। वहीं अक्टूबर से शुरु होने वाली रणजी ट्रॉफी दो चरणों में खेली जायेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अनुसार दलीप ट्रॉफी के बाद ईरानी कप खेला जाएगा, जिसमें मौजूदा रणजी ट्रॉफ़ी चैंपियन जम्मू और कश्मीर का सामना शेष भारत टीम से होगा। यह मुक़ाबला एक अक्तूबर से खेला जाएगा। रणजी ट्रॉफ़ी और अंडर 23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी पिछले सीजन की तरह दो चरणों में आयोजित की जाएंगी। रणजी ट्रॉफी में 32 टीमें एलीट ग्रुप में और छह टीमें प्लेट ग्रुप में खेलेंगी। 

रणजी ट्रॉफ़ी का पहला चरण अक्तूबर और नवंबर 2026 के बीच खेला जाएगा। इसके बाद जनवरी में टूर्नामेंट दोबारा शुरू होगा और फरवरी तक चलेगा। इसी बीच सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी आयोजित होंगी। महिला घरेलू सीजन की शुरुआत सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी से होगी, जो अक्तूबर और नवंबर में खेली जाएगी। इसके बाद सीनियर विमेंस इंटर ज़ोनल ट्रॉफ़ी और फिर सीनियर विमेंस वनडे ट्रॉफी तथा इंटर जोनल वनडे ट्रॉफी दिसंबर से फरवरी के बीच आयोजित होंगी। महिला आयु वर्ग के टूर्नामेंट नवंबर से जनवरी तक चलेंगे। 

आगामी सीजन में एक नया टूर्नामेंट भी जोड़ा गया है। इसमें सीके नायडू ट्रॉफ़ी विजेता टीम का मुकाबला शेष भारत अंडर 23 टीम से होगा। बीसीसीआई के अनुसार इसका उद्देश्य "उभरते अंडर 23 क्रिकेटरों को ज़्यादा प्रतिस्पर्धी मंच देना" है। वहीं पुरुष अंडर 23 स्टेट ए ट्रॉफी और विश्वविद्यालय टीमों की विज्जी ट्रॉफी को वनडे से बदलकर टी-20 प्रारुप में कर दिया गया है। 

बीसीसीआई ने बयान में कहा, "2026-27 घरेलू सीजन मजबूत और प्रतिस्पर्धी घरेलू ढांचा तैयार करने की बीसीसीआई की प्रतिबद्धता को दिखाता है, साथ ही सभी फ़ॉर्मेट और वर्गों के बीच संतुलित प्रगति सुनिश्चित करता है।" जनवरी में देश के कुछ हिस्सों में मौसम को ध्यान में रखते हुए अंडर 19 कूच बिहार ट्रॉफ़ी का एलीट चरण पूरी तरह बेंगलुरु और मैसूर में खेला जाएगा। वहीं अंडर 16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी को पहले करा दिया गया है और यह नवंबर से जनवरी के बीच आयोजित होगी, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी और कार्यक्रम मिल सके। 

ये भी पढ़ें  : 
Malaysia Masters 2026 : गोह जिन वेई को शिकस्त देकर तीसरे राउंड में पहुंचीं अश्मिता चालिहा, दूसरे दौर में हारीं मालविका-देविका

संबंधित समाचार