बाराबंकी : वेतन व आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय भुगतान को दें प्राथमिकता, बैठक में बोले डीएम
बैठक न होने पर अधीक्षकों को नोटिस, आयुष्मान व निक्षय अभियान में तेजी लाने के निर्देश
बाराबंकी, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में डीएम ने चिकित्सकों के वेतन एवं आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि बजट प्राप्त हो गया है और एक सप्ताह के भीतर चिकित्सकों का वेतन व आशाओं का मानदेय जारी कर दिया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक माह की 10 तारीख से पहले सभी सीएचसी अधीक्षक ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक अनिवार्य रूप से कराएं। हैदरगढ़ और सिद्धौर में बैठक न होने पर संबंधित अधीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने, आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने तथा निक्षय मित्र अभियान के माध्यम से टीबी मरीजों को गोद लेने के लिए जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम की समीक्षा कर एम्बुलेंस को हॉटस्पॉट स्थलों पर उपलब्ध रखने को कहा।
डीएम ने स्वास्थ्य केंद्रों पर एक्स-रे सुविधा, साफ-सफाई व्यवस्था और शौचालयों की मरम्मत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, सीएचसी अधीक्षक, बीपीएम, बीसीपीएम और आयुष्मान अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
