Gonda News : गोंडा में गहराया बिजली संकट, तो विधायक प्रतीक भूषण ने ऊर्जा मंत्री को लिखा पत्र, मांगा तत्काल समाधान
गोंडा। उत्तर प्रदेश में गोंडा सदर विधानसभा सीट से विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने जिले और अपने विधानसभा क्षेत्र में उत्पन्न गंभीर बिजली संकट को लेकर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखा है। विधायक ने पत्र में कहा कि भीषण गर्मी में बार-बार बिजली कटौती से लोगों का घरों और कार्यस्थलों पर रहना दूभर हो गया है। उन्होंने रात में बिजली कटौती रोकने के लिए आपातकालीन व्यवस्था करने की मांग की है।
पत्र में लिखा है कि बीती रात उनके विधानसभा क्षेत्र में स्थिति इतनी असहनीय हो गई कि आम नागरिकों को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए विवश होना पड़ा। उन्होंने कहा, "एक जनप्रतिनिधि के रूप में मैं इस घटना पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त करता हूं। मेरे क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण, दोनों ही इलाकों के नागरिक इस अवांछित कटौती का एक ठोस समाधान चाहते हैं।"
प्रतीक भूषण सिंह ने माना कि वर्तमान में गर्मी चरम पर है और बिजली विभाग अत्यधिक तापमान जैसी विकट तकनीकी समस्याओं से जूझ रहा है। तेज हवाओं और भीषण लू के कारण तारों का टूटना, और बिजलीघर से लेकर घरों तक बिजली का न पहुँचना बड़ी चुनौती है।

उन्होंने लिखा, "हमारे अधिकारी और कर्मचारी भी इस प्रतिकूल मौसम से निरंतर संघर्ष कर रहे हैं परंतु केवल चुनौतियों को स्वीकार कर लेना ही हमारे दायित्व की पूर्ति नहीं है। मैं मानता हूँ कि यह एक अत्यंत कठिन परिस्थिति है परंतु समस्याओं को यूं ही जस का तस बने रहने देने के लिए जनता ने हमें अपना प्रतिनिधि नहीं चुना है। लोगों की इन बुनियादी चुनौतियों का समाधान करना इस समय हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।"
विधायक ने ऊर्जा मंत्री से इस समस्या का कोई स्थायी और त्वरित समाधान निकाले जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विशेषकर रात्रिकाल में बिजली कटौती कम से कम हो, इसके लिए कोई आपातकालीन व्यवस्था अतिशीघ्र सुनिश्चित की जाए। प्रतीक भूषण सिंह ने इस विषय की गंभीरता को देखते हुए ऊर्जा मंत्री से व्यक्तिगत रूप से तत्काल मिलने का समय भी मांगा है, ताकि क्षेत्र की स्थिति से विस्तार से अवगत करा सकें।
