Kanpur News: BJP कार्यकर्ताओं से बोले सतीश महाना- भाजपा सरकार ने विकास, सुशासन के क्षेत्र में किये ऐतिहासिक कार्य
कानपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। भाजपा कानपुर दक्षिण के जिला प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस का आयोजन शनिवार को केशव नगर स्थित राधे ग्रीन रिजॉर्ट में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की कार्यपद्धति, राष्ट्रवाद की विचारधारा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर छह सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम में 260 से अधिक कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया।
महाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया।
https://twitter.com/Satishmahanaup/status/2058159183217009066
प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय सत्र की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने की। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सदैव समाज और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे वे संगठन की विचारधारा और कार्यशैली को बेहतर ढंग से समझकर जनता के बीच प्रभावी तरीके से कार्य कर सकें।
सतीश महाना ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग में वर्ग प्रभारी एवं विधायक रंजना उपाध्याय, विधायक महेश त्रिवेदी, जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष वीना आर्य, रामदेव शुक्ल, कौशल किशोर दीक्षित सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कानपुर नगर के सांसद रमेश अवस्थी ने की, जबकि उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता रहे। अनूप गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ कार्य करता है तथा संगठन की मजबूती बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संभव है।
