Ghazipur Crime News : नाली विवाद की पैमाइश के दौरान बवाल, ग्रामीणों ने किया पथराव, पुलिसकर्मी व पत्रकार घायल
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश में गाजीपुर जिले के भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को नाली विवाद की पैमाइश कराने पहुंची प्रशासनिक और पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। घटना में दो पत्रकारों समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मोलनापुर उर्फ तालगांव में कुशवाहा और राजभर समाज के बीच नाली के पानी की निकासी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गांव निवासी रमाकांत कुशवाहा उर्फ झब्बू ने प्रशासन से करीब 10 मीटर अवरुद्ध नाली की समस्या के समाधान की शिकायत की थी।
शनिवार दोपहर उपजिलाधिकारी अतुल कुमार, क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा, खंड विकास अधिकारी भीमराव प्रसाद, एडीओ पंचायत अशोक कुमार तथा भुड़कुड़ा, शादियाबाद और दुल्लहपुर थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। टीम ने विवादित स्थल पर दोनों पक्षों से बातचीत और नापी की प्रक्रिया शुरू की ही थी कि एक पक्ष के कुछ लोग उग्र हो गए और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे।
अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मौके से हटकर अपनी जान बचाई। घटना में ड्यूटी पर मौजूद दो पत्रकारों सहित कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं।
उपजिलाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि प्रशासनिक टीम विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराने गई थी, लेकिन कुछ लोगों ने कानून हाथ में लेते हुए हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा अन्य की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
