बाराबंकी में पेड़ से लटके मिले युवक-युवती के शव, पुलिस जांच में जुटी
बाराबंकी: बाराबंकी में सतरिख थाना क्षेत्र के गेहन्दवर गांव में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती के शव चिलवल के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई।
मृत युवक की पहचान रोहित (25) के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। ग्रामीणों ने सुबह खेतों की ओर जाते समय दोनों शवों को पेड़ से लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सौरभ श्रीवास्तव, सतरिख थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवती की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सीओ सिटी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
