प्रतापगढ़ में सड़क सुरक्षा अभियान, विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर वसूला 4.20 लाख शमन शुल्क
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश में "सड़क सुरक्षा अभियान" के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने रविवार रात विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान "ड्रंक एंड ड्राइव", प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ सघन जांच की गई तथा कुल 4 लाख 20 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में रात आठ बजे से 11 बजे तक थाना हथिगवां क्षेत्र के कोतिला अख्तियारी टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस और थाना हथिगवां पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया।
इस दौरान टोल प्लाजा से गुजरने वाले करीब 357 वाहनों की सघन जांच की गई। ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों के एल्कोहल स्तर की भी जांच की गई। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान छह वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनमें से दो वाहनों को सीज करते हुए चालान किया गया और 60 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया गया।
प्रेशर हॉर्न पाए जाने पर 2 लाख 70 हजार जुर्माना
इसके अलावा एक वाहन में मोडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर 10 हजार रुपये, 27 वाहनों में प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न पाए जाने पर 2 लाख 70 हजार रुपये तथा बिना अनुमति हूटर और सायरन के प्रयोग पर दो वाहनों से 20 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं होने पर 11 वाहनों का चालान कर 55 हजार रुपये तथा निर्धारित मानक से अधिक ब्लैक फिल्म लगे होने पर पांच वाहनों के चालान कर 15 हजार रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।
वसूला 4 लाख 20 हजार शमन शुल्क
इस प्रकार कुल 4 लाख 20 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। प्रतापगढ़ पुलिस ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा वाहनों में अवैध प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करें। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें : Major Accident at Agra Adventure Park: Zipline Cable Snaps; 16-Year-Old Kunal Falls 45 Feet to the Ground
