Barabanki News : जल जीवन मिशन में अनियमितताओं पर प्रशासन सख्त, कई गांवों में घटिया निर्माण उजागर
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। क्षेत्र के ब्लॉक बनीकोडर अंतर्गत गांवों में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। तहसील दिवस में उठे मामले पर जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय जांच टीम ने रविवार को कई गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया।
टीम ने ग्राम दिलौना, इब्राहिमाबाद, जमौली, भानपुर, शाहपुर मुरारपुर में निर्माण कार्यों की जांच की, जहां कई जगह घटिया निर्माण और अधूरे कार्य पाए गए। दिलौना में पंप हाउस में दरारें मिलीं, जबकि शाहपुर मुरारपुर और दिलौना में सीसी सड़क व इंटरलॉकिंग का कार्य अधूरा पाया गया।
इब्राहिमाबाद में बाउंड्री वॉल की नींव में मानक के अनुरूप निर्माण नहीं मिला, वहीं जमौली में घटिया ईंटों के उपयोग से प्लास्टर कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठे। सबसे गंभीर मामला भानपुर में सामने आया, जहां जांच से पहले ही प्लास्टर तुड़वाया गया था और निम्न गुणवत्ता की पीली ईंटों का इस्तेमाल पाया गया।
जांच टीम में तहसीलदार रामसनेहीघाट, खंड विकास अधिकारी बनीकोडर और लोक निर्माण विभाग के जेई शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान किसान नेता माया राम यादव, जिला अध्यक्ष दिनेश यादव, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी अरविंद मिश्रा, एई जल निगम बाराबंकी जफर अहमद, जेई संदीप यादव और मेघा कंपनी के कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने अन्य गांवों में भी जल्द जांच और कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
